- रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन; लाखों का माल राख गुना (ईएमएस)। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्लास्टिक पाइप निर्माण करने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर में रखा प्लास्टिक का कच्चा माल, तैयार पाइप और अन्य सामग्री उसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दूर स्थित विंध्याचल कॉलोनी से भी धुएं के गुबार और ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। सूचना मिलते ही नगरपालिका और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब पांच घंटे तक लगातार संघर्ष के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक आकलन में 70 से 80 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार इंडस्ट्रियल एरिया में हरीश रत्रा की प्लास्टिक पाइप निर्माण इकाई संचालित है। यहां कृषि और सिंचाई कार्यों में उपयोग होने वाले पाइप तैयार किए जाते हैं। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक दाने, रॉ मटेरियल और तैयार माल का भंडारण भी किया जाता था। फैक्ट्री संचालक के अनुसार मंगलवार रात रोजाना की तरह कार्य समाप्त होने के बाद करीब 8:30 बजे यूनिट बंद कर दी गई थी और कर्मचारी अपने घर चले गए थे। उस समय परिसर में किसी प्रकार की असामान्य स्थिति नहीं थी। रात लगभग 11 बजे आसपास के लोगों ने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें आसमान तक पहुंचने लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल नगरपालिका और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। आग की गंभीरता को देखते हुए चार फायर ब्रिगेड वाहनों को मौके पर लगाया गया। प्लास्टिक सामग्री अधिक होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे राहत कार्य में भारी कठिनाई आई। फायर ब्रिगेड के सामने सबसे बड़ी चुनौती फैक्ट्री की मजबूत पक्की दीवारें रहीं। आग अंदर धधक रही थी, जबकि बाहर से पानी पहुंचाना आसान नहीं था। स्थिति को देखते हुए सबसे पहले फैक्ट्री के गेट का ताला तोड़कर टीम अंदर पहुंची। इसके बाद भी जब आग तक सीधी पहुंच नहीं बन सकी तो दीवारों में कई स्थानों पर छेद कर पानी की बौछारें अंदर पहुंचाई गईं। आग बुझाने के लिए लगातार टैंकरों से पानी मंगवाया गया ताकि अभियान बिना रुके चलता रहे। नगरपालिका, फायर ब्रिगेड और अन्य कर्मचारियों ने पूरी रात मोर्चा संभाले रखा। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि तब तक फैक्ट्री में रखा बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कच्चा माल, तैयार पाइप और अन्य सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी। मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष पति अरविंद गुप्ता सहित नगरपालिका का अमला मौजूद रहा और राहत कार्य की निगरानी करता रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि नुकसान का अंतिम आंकलन भी किया जा रहा है।- सीताराम नाटानी