क्षेत्रीय
17-Jun-2026
...


- एनएचएआई अधिकारी को सौंपा ज्ञापन कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय लोगों की समस्याओं को उठाते हुए युवा कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाया है। इस मामले में युवा कांग्रेस जिला कोरबा ने टोल प्लाजा में स्थानीय वाहनों से वसूली, दुर्घटनाओं और कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार का आरोप लगा एनएचएआई अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि कोरबा जिले में संचालित टोल प्लाजा चोटिया, मदनपुर, बगदेवा और कोथारी में CG-12 पासिंग के घरेलू वाहनों और स्थानीय निवासियों को टोल से मुक्त किया जाए। संगठन का कहना है कि स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए कई बार टोल पार करना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर मुद्दा बताते हुए टोल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। आरोप है कि सड़क पर पर्याप्त लाइट व्यवस्था नहीं है और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। युवा कांग्रेस ने टोल कर्मचारियों पर आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच करने के आरोप लगाए हैं। संगठन का कहना है कि शिकायत करने पर भी कोई कार्यवाही नहीं होती, जिससे आमजन परेशान हैं। युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर और दीपक वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। - 17 जून