वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने अपने संयुक्त ग्रीष्मकालीन सैन्य अभ्यास उल्ची फ्रीडम शील्ड की अवधि कम करने पर सहमति जाहिर की है। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी, जिसके कुछ दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभ्यास में कटौती का आदेश दिया था। सोमवार को शुरू हुआ यह 11 दिवसीय अभ्यास अब 27 अगस्त के बजाय शुक्रवार को ही समाप्त होगा। ट्रंप ने अपने रक्षा मंत्री को इस अभ्यास को काफी हद तक कम करने का निर्देश दिया था। उन्होंने इसके पीछे उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ अच्छे संबंधों और दक्षिण कोरिया द्वारा ईरान के खिलाफ अमेरिकी युद्ध में शामिल होने से इंकार करने जैसे कारणों का हवाला दिया था। सेना ने बताया कि दोनों सहयोगी देशों ने कुछ संयुक्त मैदानी प्रशिक्षण अभ्यासों का स्तर भी कम करने पर सहमति जाहिर की है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का यह कदम अमेरिका और दक्षिण कोरिया की संयुक्त सैन्य तैयारियों को नुकसान पहुँचा सकता है और अंततः उनके दशकों पुराने गठबंधन को कमजोर कर सकता है। ये अभ्यास लंबे समय से उत्तर कोरिया के साथ तनाव का कारण रहे हैं, जो इन्हें युद्ध की तैयारी बताता रहा है। हालांकि, उत्तर कोरिया ने इस कटौती पर अब तक कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन बुधवार को उसकी सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने इन अभ्यासों को उकसावे वाला और बेहद खतरनाक बताकर प्रतिद्वंद्वियों की शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को पूरी तरह विफल करने का संकल्प दोहराया। आशीष दुबे / 19 अगस्त 2026