अंतर्राष्ट्रीय
03-Jul-2026
...


न्यूयॉर्क (ईएमएस)। अमेरिका के न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मुख्यालय के बाहर गुरुवार को एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक बौद्ध भिक्षु की वेशभूषा में था और उसके पास से तिब्बती झंडा व ‘चाइना आउट ऑफ तिब्बत’ लिखे पर्चे बरामद हुए हैं। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक की पहचान लोबगा रांगजेन के रूप में की जा रही है, जो पिछले 20 वर्षों से अमेरिका में रह रहा था। घटनास्थल के वीडियो में व्यक्ति को पहले तिब्बती झंडा बिछाते और फिर खुद को आग लगाते देखा गया। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पहली बार नहीं है जब तिब्बत पर चीन के नियंत्रण के खिलाफ ऐसा कदम उठाया गया है। तिब्बती संगठनों के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2009 से अब तक 150 से अधिक तिब्बती खुद को आग लगाकर जान दे चुके हैं। ये लोग चीन के दमनकारी शासन, दलाई लामा की वापसी और अपनी धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराते रहे हैं। हालाँकि, चीन इन घटनाओं के लिए निर्वासित तिब्बती नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराता है, लेकिन निर्वासित तिब्बती प्रशासन इन आरोपों को सिरे से खारिज करता है। उनका कहना है कि चीन की दमनकारी नीतियों और लगातार बढ़ते दबाव के कारण लोग हताश होकर यह चरम कदम उठाने को मजबूर हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि घटना के समय कोई आधिकारिक बैठक नहीं चल रही थी, इसलिए कार्यालय के कामकाज पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।