अंतर्राष्ट्रीय
02-Jul-2026
...


-खामेनेई की आखिरी विदाई पर अभेद्य सुरक्षा कवच - खामेनेई के जनाज़े की तैयारी, क्यों डरा हुआ है ईरान? तेहरान (ईएमएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 9 जुलाई को होगा, जबकि उनके पार्थिव शरीर को कई दिनों तक विशेष शीत भंडारण (कोल्ड स्टोरेज) में सुरक्षित रखा गया है। इस्लामी परंपरा में सामान्यतः शीघ्र दफन की व्यवस्था होती है, लेकिन सुरक्षा, धार्मिक और प्रशासनिक कारणों से इस बार अंतिम संस्कार में विलंब किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, खामेनेई के पार्थिव शरीर को पहले तेहरान के मोसल्ला प्रार्थना परिसर में श्रद्धांजलि के लिए रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम यात्रा तेहरान से इराक के पवित्र शहर नजफ़ और कर्बला होते हुए ईरान के क़ुम और अंत में मशहद स्थित इमाम रज़ा की दरगाह तक पहुंचेगी, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। ईरानी प्रशासन इस पूरे आयोजन में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू कर रहा है। भीड़ नियंत्रण के लिए हेलीकॉप्टरों की तैनाती, विशेष सुरक्षा बलों की निगरानी और विभिन्न शहरों में कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। इन तैयारियों का मुख्य उद्देश्य अतीत में हुए दुखद हादसों की पुनरावृत्ति रोकना है। साल 1989 में अयातुल्ला रुहोल्लाह खोमैनी के अंतिम संस्कार के दौरान भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई थी। लोगों की भीड़ ताबूत तक पहुंच गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी और कई लोगों की मौत तथा अनेक घायल होने की खबरें सामने आई थीं। इसी तरह वर्ष 2020 में कासिम सुलेमानी के अंतिम संस्कार के दौरान करमान में भगदड़ मचने से कम से कम 56 लोगों की जान चली गई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि खामेनेई के पार्थिव शरीर को रासायनिक एम्बामिंग के बजाय शीत भंडारण में सुरक्षित रखा गया है, क्योंकि इस्लाम में रासायनिक संरक्षण को सामान्यतः स्वीकार नहीं किया जाता। शिया धार्मिक परंपरा असाधारण परिस्थितियों में शीत संरक्षण और विलंबित दफन की अनुमति देती है। हालांकि, इस संबंध में ईरानी अधिकारियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।