अंतर्राष्ट्रीय
18-Jun-2026
...


पेरिस,(ईएमएस)। जी-7 शिखर सम्मेलन में इस बार सिर्फ विश्व के बड़े नेताओं की ही नहीं, बल्कि एक मासूम बच्ची की भी खूब चर्चा हुई। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की 10 वर्षीय बेटी जिनेव्रा जियामब्रूनो अपनी स्वाभाविक प्रतिक्रियाओं के कारण सोशल मीडिया पर छा गईं। फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित आधिकारिक स्वागत समारोह के दौरान, जिनेव्रा अपनी मां के साथ मौजूद थीं। जैसे ही दुनिया भर के फोटोग्राफरों ने राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीरें लेना शुरू किया, जिनेव्रा साफ तौर पर असहज दिखाई दी। वायरल वीडियो में कई बार दिखता है कि जिनेव्रा कैमरों की तरफ देखने से खुद बच रही हैं। वह कभी अपनी मां का हाथ कसकर पकड़ लेती हैं, तब कभी मेलोनी के ठीक पीछे छिपकर खुद को कैमरों की नजरों से बचाने की कोशिश करती हैं। ऐसा लग रहा था जैसे कैमरों की भीड़ से बचने के लिए उन्होंने अपनी मां को ही ढाल बना लिया हो। पूरी औपचारिक प्रक्रिया के दौरान भी वह अपनी मां के बिल्कुल पास ही रहीं, उनसे दूर नहीं गईं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने कहा कि दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेताओं के बीच दर्जनों कैमरों का सामना करना किसी भी 10 साल के बच्चे के लिए आसान नहीं होता। यूजर्स ने जिनेव्रा की मासूमियत और उनके स्वाभाविक रिएक्शन की खूब तारीफ की। कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने लिखा कि यही वजह है कि यह वीडियो लोगों के दिलों को छू गया, क्योंकि इसमें किसी तरह की बनावट या दिखावा नहीं था। उनकी पूरी कोशिश कैमरों से दूर रहने और मां के साथ बने रहने की थी। यहां यह भी बताना जरूरी है कि जिनेव्रा, जॉर्जिया मेलोनी और टीवी पत्रकार एंड्रिया जियाम्ब्रूनो की बेटी हैं। मेलोनी और एंड्रिया करीब 8-9 साल तक रिश्ते में रहे थे। हालांकि, 2023 में मेलोनी ने सोशल मीडिया पर इस रिश्ते को समाप्त करने की घोषणा की थी। आशीष दुबे / 18 जून 2026