-ज़ेलेंस्की ने कहा- यह हमला कीव पर हाल ही में रूस के हमलों का सही जवाब मास्को,(ईएमएस)। रुस की एक ऑयल रिफ़ाइनरी को यूक्रेन ने इस हफ़्ते दूसरी बार निशाना बनाए जाने के बाद वहां से काला धुआं और आग की लपटें उठने लगीं हैं। सोशल मीडिया पर हमले के वीडियो वायरल होने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह हमला कीव पर हाल ही में रूस के किए हमलों का माकूल जवाब था। ज़ेलेंस्की ने एक्स पर कहा कि यह हमारे शहरों और समुदायों पर रूस के हमलों का सही जवाब है और रूस की युद्ध मशीन को चलाने वाली सुविधाओं के खिलाफ हमारे योद्धाओं की कार्रवाई का एक और अहम नतीजा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मॉस्को ऑयल रिफाइनरी पर हुआ हमला रूस की युद्ध क्षमता और अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा झटका है। क्रेमलिन से सिर्फ 15 किलोमीटर दूर स्थित यह रिफाइनरी रूसी राजधानी के ईंधन इंफ्रास्ट्रक्चर का एक अहम हिस्सा है। यह मॉस्को मेट्रोपॉलिटन इलाके की पेट्रोल की जरूरतों का करीब 40फीसदी और डीज़ल का 50फीसदी हिस्सा सप्लाई करती है, साथ ही सैन्य इस्तेमाल के लिए एविएशन फ्यूल भी देती है। 16 जून को यूक्रेनी ड्रोनों ने कपोटन्या में मॉस्को ऑयल रिफाइनरी पर हमला किया था। इस हमले से प्राइमरी ऑयल रिफाइनिंग यूनिट को नुकसान पहुंचा, जिसके कारण रिफाइनरी को कुछ समय के लिए कामकाज रोकना पड़ा था। सिराज/ईएमएस 18जून26