अंतर्राष्ट्रीय
18-Jun-2026
...


पाक पीएम शहबाज शरीफ बोले- ईरान खोलेगा होर्मुज और अमेरिका हटाएगा नाकेबंदी इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद मेमोरैंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर दोनों पक्षों ने इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षर किए हैं और तत्काल प्रभाव से ये लागू हो गए हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा इस मेमोरैंडम पर दोनों देशों के सम्मानित राष्ट्रपतियों ने हस्ताक्षर किए और मध्यस्थ के तौर पर मैंने (शहबाज) ने भी इसे मंजूरी दी है। संबंधित सरकारों के शीर्ष स्तर पर इस समझौते पर हस्ताक्षर यह दिखाते हैं कि दोनों पक्ष विवाद के कूटनीतिक समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि समझौता तुरंत लागू होगा और पहले कदम के तौर पर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान तुरंत होर्मुज को फिर से खोल देगा और अमेरिका तुरंत नौसैनिक नाकेबंदी हटा लेगा। बता दें फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के बाद वर्साय के महल में कैंडललाइट डिनर के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेमोरैंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए जबकि मेजबान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अन्य मेहमानों ने तालियां बजाईं। महल से बाहर निकलते हुए ट्रंप ने पत्रकारों से कहा अभी-अभी इस पर हस्ताक्षर किए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि दस्तावेज को राष्ट्रपतियों के हस्ताक्षर के साथ अंतिम रूप दिया गया। बक़ाई ने बताया कि चूंकि दोनों राष्ट्रपतियों ने पहले ही डिजिटल रूप से समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं इसलिए स्विट्जरलैंड में 19 जून को कोई हस्ताक्षर समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। शहबाज शरीफ ने अपनी पोस्ट में ट्रंप को बधाई दी और कहा कि कूटनीति के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता और शांतिपूर्ण समाधान को प्राथमिकता देने की नीति ने एक बार फिर ऐसे विवाद को खत्म करने में मदद की है जिसके कारण क्षेत्र और उसके बाहर विनाशकारी परिणाम हो सकते थे। सिराज/ईएमएस 18जून26