एवियन,(ईएमएस)। फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात एक बार फिर सुर्खियों का केंद्र बन गई। दोनों नेताओं के बीच हुई एक छोटी सी, मगर दोस्ताना बातचीत ने सोशल मीडिया पर मेलोडी नाम के ट्रेंड को फिर से जीवंत कर दिया, जिससे उनके प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है। शिखर सम्मेलन में विश्व नेताओं की समूह तस्वीर से ठीक पहले, पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी एक-दूसरे के सामने आए। उन्होंने गर्मजोशी से हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। इस मौके पर मेलोनी ने कहा इंस्टाग्राम पर फेमस हो गए। इस दौरान दोनों के बीच कुछ देर तक हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई, जिसने सबकी निगाहें अपनी ओर खींच लीं। कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मेलोनी को पीएम मोदी से यह कहते हुए सुना जा सकता है, आपसे दोबारा मिलकर खुशी हुई। हम इंस्टाग्राम पर सबसे अधिक फेमस हैं। इसके जवाब में पीएम मोदी ने भी कुछ कहा, जिसके बाद उनके साथ मौजूद दुभाषिए ने भी इंस्टाग्राम का जिक्र किया। यह सुनते ही जॉर्जिया मेलोनी मुस्कुराने लगीं और दोनों के बीच का माहौल बेहद सहज और दोस्ताना बन गया। हालांकि, यह ठीक से स्पष्ट नहीं हो पाया कि इंस्टाग्राम का जिक्र किस विशिष्ट संदर्भ में हुआ, लेकिन माना जा रहा है कि यह हाल के उस वायरल पोस्ट से जुड़ा था जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। दरअसल, इसी साल मई में पीएम मोदी इटली के दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफियों का एक पैकेट उपहार में दिया था। मेलोनी ने इस मुलाकात और उपहार का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया था। इस वीडियो में मेलोनी अपने हाथ में मेलोडी का पैकेट दिखाते हुए बड़े ही मजाकिया अंदाज में कहती नजर आई थीं, पीएम मोदी हमारे लिए एक गिफ्ट लाए हैं। यह मेलोडी है। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा था, थैंक यू फॉर द गिफ्ट। इस पोस्ट में दोनों नेता खिलखिलाकर हंसते हुए दिखाई दिए थे, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया। देखते ही देखते यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे 13 मिलियन से भी अधिक लाइक्स मिले। इसके साथ ही मेलोडी एक बार फिर ट्रेंड करने लगा। यह मेलोडी कोई आधिकारिक राजनीतिक शब्द नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर बना एक लोकप्रिय शब्द है, जो जॉर्जिया मेलोनी और नरेंद्र मोदी के नामों को जोड़कर तैयार किया गया है। इसकी शुरुआत 2024 में तब हुई थी, जब मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, हेलो फ्रॉम द मेलोडी टीम। यह शब्द अब दोनों नेताओं के प्रशंसकों के बीच उनकी दोस्ती का प्रतीक बन चुका है। सम्मेलन में हुई यह ताजा मुलाकात दिखाती है कि दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत स्तर पर भी एक सहज और दोस्ताना संवाद कायम है। यही वजह है कि उनकी हर मुलाकात सिर्फ कूटनीतिक औपचारिकताओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि सोशल मीडिया पर भी एक जीवंत चर्चा का विषय बन जाती है और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों का ध्यान खींचती है। वीरेंद्र/ईएमएस/17जून2026