अंतर्राष्ट्रीय
17-Jun-2026
...


एवियन(ईएमएस)। जी-7 शिखर सम्मेलन में युद्ध, व्यापार और वैश्विक सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर गहन चर्चा के बीच, फ्रांस के एवियन में एक हल्का-फुल्का और मानवीय पल भी देखने को मिला। मंगलवार को विश्व नेताओं की बैठक के दौरान, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने खुलासा किया कि उन्होंने लगभग एक महीने पहले सिगरेट पीना छोड़ दिया है। यह बातचीत औपचारिक बैठकों से अलग, एक कॉफी ब्रेक के दौरान हुई, जिसने गंभीर माहौल में थोड़ी ताजगी घोल दी। इस अनौपचारिक बातचीत में मेलोनी के साथ जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर मौजूद थे। सभी नेता एकसाथ घेरा बनाकर अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे, तभी मेलोनी ने कॉफी पीने की इच्छा जताई। इस पर फ्रेडरिक मर्ज ने मुस्कुराते हुए मजाकिया लहजे में पूछा, ‘और सिगरेट?’ मेलोनी ने तुरंत जवाब दिया, ‘मैंने छोड़ दी।’ यह सुनकर वहां मौजूद सभी नेताओं ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, ‘बहुत बढ़िया!’ जब उनसे हंसी-मजाक में पूछा गया कि क्या उन्होंने सिगरेट कल ही छोड़ी है, तो मेलोनी ने बताया कि उन्हें सिगरेट छोड़े हुए एक महीना हो गया है और तब से उन्होंने एक भी सिगरेट नहीं पी है। यह बातचीत यहीं नहीं रुकी। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से उत्सुकता से पूछा कि उन्होंने सिगरेट कब छोड़ी थी। कोस्टा ने जवाब दिया, ‘2005 में।’ स्टार्मर ने आगे पूछा, ‘उसके बाद कभी दोबारा नहीं पी?’ इस पर कोस्टा ने दृढ़ता से कहा, ‘कभी नहीं। 21 साल हो गए।’ जी 7 शिखर सम्मेलन में जहां पश्चिम एशिया के संघर्ष और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे गंभीर वैश्विक मुद्दों पर घंटों मंथन चल रहा था, वहीं नेताओं के बीच हुई यह अनौपचारिक और व्यक्तिगत बातचीत मानवीय पक्ष को उजागर करते हुए सबकी दिलचस्पी का केंद्र बन गई। जमकर वायरल हुई मेलोनी की मेलोडी इसी दिन, इससे कुछ घंटे पहले, जॉर्जिया मेलोनी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी एक खास मुलाकात हुई थी। मुलाकात के दौरान मेलोनी ने गर्मजोशी से मुस्कुराते हुए कहा, ‘आपसे फिर मिलकर अच्छा लगा। हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर हैं।’ मेलोनी का यह इशारा प्रधानमंत्री मोदी की सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘मेलोडी टॉफी’ पोस्ट की ओर था। इस पोस्ट को इंस्टाग्राम पर 12 करोड़ से ज्यादा व्यूज और 1 करोड़ से अधिक लाइक्स मिले थे, जिसके बाद दोनों नेताओं की जोड़ी सोशल मीडिया पर मेलोडी के नाम से काफी चर्चा में रही थी। यह दर्शाता है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीर कूटनीति के साथ-साथ ऐसे हल्के-फुल्के पल भी यादगार बन जाते हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/17जून2026