वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 16 जून को अपना 80वां जन्मदिन मनाया और इसके साथ ही वे पद पर रहकर 80 वर्ष की आयु पूरी करने वाले अमेरिका के दूसरे राष्ट्रपति बने। ट्रंप से पहले जो बाइडेन नवंबर 2022 में राष्ट्रपति रहते हुए 80 साल के हुए थे। हालांकि ट्रम्प दुनिया के सबसे उम्रदराज नेताओं में शामिल हैं, लेकिन वे अभी भी कई वैश्विक नेताओं से कम उम्र के हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार संयुक्त राष्ट्र के 186 देशों के राष्ट्रीय नेताओं में 16 इसतरह के नेता हैं जिनकी उम्र ट्रम्प से अधिक है। इस आधार पर ट्रम्प दुनिया के करीब 91 प्रतिशत राष्ट्रीय नेताओं से अधिक उम्र के माने जाते हैं। रिपोर्ट बताती है कि वर्तमान वैश्विक नेताओं की औसत आयु करीब 63 वर्ष है, जबकि ट्रम्प इस औसत से काफी ऊपर हैं। बात दें कि दुनिया के सबसे उम्रदराज मौजूदा राष्ट्रीय नेता कैमरून के राष्ट्रपति पॉल बिया हैं, जिनकी आयु 93 वर्ष है। वे 1982 से सत्ता में बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर सऊदी अरब के राजा सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद हैं, जिनकी उम्र 90 वर्ष है और वे 2015 से शासन कर रहे हैं। यानी सऊदी शासक ट्रम्प से करीब 10 वर्ष बड़े हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया के सबसे बुजुर्ग नेताओं में बड़ी संख्या अफ्रीकी देशों की है। इसमें युगांडा, इक्वेटोरियल गिनी, मलावी, आइवरी कोस्ट, जिम्बाब्वे और रिपब्लिक ऑफ कांगो के नेता शामिल हैं। युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी 82 वर्ष के हैं और लगभग चार दशकों से सत्ता में हैं, जबकि इक्वेटोरियल गिनी के राष्ट्रपति तेओदोरो ओबियांग न्गुएमा म्बासोगो 1979 से शासन कर रहे हैं। रिपोर्ट ने एक और महत्वपूर्ण तथ्य उजागर किया है। दुनिया के दस सबसे उम्रदराज नेताओं में से सात इसतरह देशों का नेतृत्व कर रहे हैं जिन्हें फ्रीडम हाउस ने “नॉट फ्री” श्रेणी में रखा है। इससे लंबे समय तक सत्ता में बने रहने और लोकतांत्रिक जवाबदेही के बीच संबंधों को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। आशीष/ईएमएस 17 जून 2026