मनोरंजन
17-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें निर्देशक आशुतोष गोवारिकर के साथ बॉलीवुड फिल्म ‘लगान’ की क्रिकेट टीम और अन्य कलाकार दिखाई दे रहे हैं। सभी कलाकार वीडियो में उत्साह के साथ फिल्म के 25 वर्ष पूरे होने की खुशी जाहिर करते हैं।वीडियो का सबसे रोचक क्षण तब आता है जब फिल्म में क्रूर ब्रिटिश अधिकारी कैप्टन एंड्रयू रसेल की भूमिका निभाने वाले ब्रिटिश अभिनेता पॉल ब्लैकथॉर्न की एंट्री होती है। वह अपने प्रसिद्ध संवाद की याद दिलाते हुए मजाकिया अंदाज में “तीन गुना लगान” कहते हैं। उनका यह संवाद सुनते ही वहां मौजूद सभी कलाकार और निर्देशक ठहाके लगाकर हंस पड़ते हैं। इसके बाद अखिलेंद्र मिश्रा कैमरे के सामने आकर फिल्म की सफलता और उसके 25 वर्ष पूरे होने पर खुशी व्यक्त करते हैं। अखिलेंद्र मिश्रा ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि लगान को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो चुके हैं और यह अवसर पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण है। इस पुनर्मिलन ने फिल्म से जुड़ी अनेक यादों को फिर से जीवंत कर दिया। फिल्म में आमिर खान ने भुवन, ग्रेसी सिंह ने गौरी, पॉल ब्लैकथॉर्न ने कैप्टन रसेल और राहेल शेली ने एलिजाबेथ का किरदार निभाया था। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया था, जिसके गीत आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन और आमिर खान के निर्माण में बनी लगान भारतीय सिनेमा की सबसे सफल और प्रभावशाली फिल्मों में गिनी जाती है। वर्ष 1893 की पृष्ठभूमि पर आधारित इस ऐतिहासिक ड्रामा में सूखे से जूझ रहे चंपानेर गांव के किसानों की कहानी दिखाई गई थी, जिन्हें अत्यधिक लगान से राहत पाने के लिए अंग्रेज अधिकारियों को क्रिकेट मैच में हराने की चुनौती स्वीकार करनी पड़ती है। रिलीज के बाद फिल्म को देश और विदेश में व्यापक सराहना मिली थी। इसकी कहानी, अभिनय, संगीत और निर्देशन ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। यही नहीं, फिल्म को 74वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म की श्रेणी में नामांकन भी प्राप्त हुआ था। 25 साल बाद भी लगान भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल है, जिन्हें दर्शक आज भी उतने ही उत्साह और सम्मान के साथ याद करते हैं। मालूम हो कि भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल लगान ने अपनी रिलीज के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। सुदामा/ईएमएस 17 जून 2026