मुंबई (ईएमएस)। कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘हीर सारा और पुडुचेरी’ के रिलीज होने के अवसर पर अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से फिल्म और इसकी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। अभिनेत्री पत्रलेखा और मानवी गगरू अभिनीत इस फिल्म को लेकर उन्होंने एक विशेष पोस्ट साझा करते हुए मानवी गगरू की सराहना की। अभिनेत्री ने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील भी की। कीर्ति कुल्हारी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक क्लिप साझा करते हुए लिखा कि इस खास मौके पर वह मानवी गगरू को दिल से बधाई देती हैं और कामना करती हैं कि फिल्म को भरपूर प्यार मिले। उन्होंने पूरी टीम के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए दर्शकों से अपने नजदीकी सिनेमाघरों में जाकर इस फिल्म का समर्थन करने का आग्रह किया। उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। निर्देशक कार्तिक चौधरी के निर्देशन में बनी यह फिल्म दो महिलाओं की भावनात्मक और आत्म-खोज की यात्रा को केंद्र में रखती है। कहानी ऐसे दौर में आगे बढ़ती है जब दोनों पात्र अपने-अपने जीवन में व्यक्तिगत संघर्षों और सामाजिक दबावों का सामना कर रही होती हैं। फिल्म में पत्रलेखा द्वारा निभाया गया सारा का किरदार एक महत्वाकांक्षी बाइक राइडर का है, जो अपनी मां की तलाश में इंदौर से पुडुचेरी तक की लंबी यात्रा पर निकलती है। वहीं मानवी गगरू द्वारा निभाई गई हीर अपने जीवन की उलझनों के बीच अपने प्रेमी की शादी रोकने की कोशिश करती है। कहानी के माध्यम से महिला मित्रता, आत्मविश्वास, पहचान और सामाजिक बंधनों से मुक्त होकर अपनी राह चुनने जैसे विषयों को सामने लाने का प्रयास किया गया है। फिल्म यह संदेश देने की कोशिश करती है कि जीवन की चुनौतियों के बीच भी व्यक्ति अपने अस्तित्व और उद्देश्य को नए सिरे से खोज सकता है। फिल्म का निर्माण मेघा क्रिएशन्स, नेक्स्ट लेवल प्रोडक्शंस और ऑप्टिकस इंक के सहयोग से किया गया है, जबकि संगीत सहयोग सोनी म्यूजिक इंडिया ने प्रदान किया है। फिल्म में आरिफ जकारिया, निशंक वर्मा और श्वेता साल्वे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों से मिश्रित प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। सुदामा/ईएमएस 17 जून 2026