राष्ट्रीय
11-Aug-2026
...


- फर्जी रैपिडो ड्राइवर बन महिला को की राइड ऑफर - आईडी मांगने पर डाउनलोड करने लगा ऐप - चारमीनार के पास खुली पोल हैदराबाद, (ईएमएस)। चारमीनार के पास एक महिला को कथित तौर पर फर्जी रैपिडो ड्राइवर बनकर राइड ऑफर करने का मामला सामने आया है। महिला ने जब शख्स से ड्राइवर आईडी और वाहन की जानकारी मांगी तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। महिला की सतर्कता के चलते वह शख्स वहां से चला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद मामला चर्चा में आया है। कंटेंट क्रिएटर सिद्धेश्वरी सुगंध के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे वह चारमीनार के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति स्कूटर से उनके पास आया और पूछा कि वह कहां जा रही हैं। उसने खुद को रैपिडो ड्राइवर बताते हुए उन्हें राइड देने की पेशकश की। सिद्धेश्वरी ने तुरंत उससे ड्राइवर आईडी दिखाने को कहा। उन्होंने यह भी देखा कि स्कूटर पर नंबर प्लेट नहीं थी। पूछताछ करने पर शख्स ने अपना नाम इरफान बताया, लेकिन रैपिडो से संबंधित कोई वैध जानकारी नहीं दिखा सका। महिला के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्ति ने ड्राइवर आईडी दिखाने के बजाय अपने फोन में प्ले स्टोर खोलकर रैपिडो ऐप डाउनलोड करना शुरू कर दिया। उसके फोन पर ओटीपी वाला पेज भी दिखाई दिया। जब महिला ने उससे पूछा कि वाहन चल नहीं रहा तो वह राइड ऑफर क्यों कर रहा है, तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। इसके बाद महिला ने उसे वहां से जाने को कहा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रैपिडो ने महिला को जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। कंपनी ने यात्रियों से अपील की कि राइड लेने से पहले ऐप पर कैप्टन, वाहन और राइड की पूरी जानकारी जरूर जांचें। राइड शुरू होने पर मिलने वाला ओटीपी सही कैप्टन और वाहन की पुष्टि में मदद करता है। महिला ने कहा कि उनका उद्देश्य रैपिडो को दोष देना नहीं, बल्कि लोगों को सतर्क करना है। उन्होंने विशेष रूप से रात में बिना बुकिंग खुद को ड्राइवर बताकर पास आने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील की।