- कंप्यूटर साइंस के मेधावी छात्र ऋतेश राज सिंह अकादमिक भवन में मृत मिले - पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार गुवाहाटी (ईएमएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी के एक तीसरे वर्ष के बीटेक छात्र की रविवार दोपहर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को आत्महत्या के संदेह से जोड़कर जांच कर रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। मृतक की पहचान ऋतेश राज सिंह के रूप में हुई है। वह कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के तीसरे वर्ष के छात्र थे और ब्रह्मपुत्र छात्रावास में रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह संस्थान के अकादमिक भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गए। सूचना मिलते ही संस्थान प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार ऋतेश एक मेधावी छात्र थे और हाल ही में उन्हें वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स में इंटर्नशिप भी मिली थी। उनकी अचानक मौत से संस्थान में शोक की लहर है। आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक प्रो. देवेंद्र जलिहाल ने संस्थान समुदाय को भेजे संदेश में गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऋतेश का निधन आईआईटी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि संस्थान मृतक के परिजनों के संपर्क में है और इस कठिन समय में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उधर, कामरूप पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उल्लेखनीय है कि यदि जांच में यह मामला आत्महत्या का साबित होता है, तो वर्ष 2026 में आईआईटी गुवाहाटी में छात्र की संदिग्ध आत्महत्या का यह पहला मामला होगा। इससे पहले वर्ष 2024 में संस्थान में चार छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं ने परिसर में इस ताजा घटना ने एक बार फिर उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।