- प्रतिबंधित संगठनों के सक्रिय सदस्य दबोचे - विस्फोटक और मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त इंफाल (ईएमएस)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने शनिवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में संयुक्त अभियान चलाकर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान हथियार, विस्फोटक, गोला-बारूद और ब्राउन शुगर की बड़ी खेप भी बरामद की गई। पुलिस ने सभी मामलों में जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन केसीपी (सिटी मैतेई) के सक्रिय सदस्य उरिकहिनबाम मालेमंगबा सिंह उर्फ वातेम्बा (30) को जिरीबाम जिले के निवासी होने के बावजूद इंफाल के सिंगजामेई थाना क्षेत्र के थोंगजू पार्ट-2 से गिरफ्तार किया गया। एक अन्य कार्रवाई में केसीपी के ही सक्रिय सदस्य याइखोम अभिनाश मीतेई उर्फ नोबा उर्फ एबी (26) को इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र स्थित कोंगपाल खोंगखाम लीकाई से दबोचा गया। उधर, उखरूल जिले के लितान थाना क्षेत्र के शांगकाई और मोंगकोट चेपू गांवों के आसपास तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक स्थानीय निर्मित पोंपी गन, 12 बोर की राइफल, विभिन्न कैलिबर के नौ जिंदा कारतूस, देसी मोर्टार शेल और एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया। एक अन्य अभियान में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 स्थित पटसोई लामखाई के हाईवे ऑटो केयर वर्कशॉप पर छापेमारी कर एक पजेरो वाहन से 30 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 346 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। मामले में वर्कशॉप के सह-मालिक शेख सलाहुद्दीन (46) और चोंगथम अनिलकुमार सिंह (38) को गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन यूएनएलएफ (पी) के दो सक्रिय सदस्यों मुतुम सेताराज सिंह उर्फ समलांग (31) और थौनाओजाम राकेश मीतेई उर्फ अमुबा (35 को थौबल बाजार से गिरफ्तार किया। दोनों पर संगठन के लिए नए सदस्यों की भर्ती करने का आरोप है। उनके कब्जे से एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और उग्रवादी नेटवर्क तथा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।