राष्ट्रीय
26-Jul-2026
...


गुवाहाटी (ईएमएस)। असम के दीमा हसाओ, कार्बी आंगलोंग और नागालैंड सीमा से लगे दुर्गम जंगलों में गश्त के दौरान लापता हुए 23 वन अधिकारियों सहित 26 सदस्यीय वन विभाग की टीम सुरक्षित मिल गई है। असम के वन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सभी अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। वन विभाग की टीम में लांगटिंग, मंडेरदिसा, हाथीखोला और माइबोंग वन परिक्षेत्र के 23 वन अधिकारी तथा तीन सहयोगी कर्मचारी शामिल थे। यह दल घने जंगलों में गश्त और कॉम्बिंग अभियान पर निकला था। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण करीब दो दिनों तक टीम का संपर्क पूरी तरह टूट गया, जिससे विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ गई। संपर्क नहीं होने पर वन विभाग, असम पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। खोज अभियान में ड्रोन की मदद ली गई और भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी अभियान में शामिल रही। लगातार प्रयासों के बाद पूरी टीम का सुरक्षित पता लगा लिया गया। वन मंत्री बरुआ ने कहा कि यह घटना राज्य के वनकर्मियों के कठिन और जोखिमभरे कार्यों की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी दुर्गम इलाकों में रहकर जंगलों, वन्यजीवों और प्राकृतिक धरोहर की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सफल अभियान में सहयोग करने वाली सभी एजेंसियों का आभार व्यक्त करते हुए वन अधिकारियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।