- बेंगलुरु पुलिस का बड़ा खुलासा बेंगलुरु (ईएमएस)। बेंगलुरु के चर्चित तिहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार मुख्य आरोपी केनेथ ने कथित तौर पर गूगल के एआई चैटबॉट जेमिनी (Gemini) का उपयोग हत्या की योजना बनाने और उससे जुड़े सामान्य सवालों की जानकारी जुटाने के लिए किया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने सीधे हत्या या शव ठिकाने लगाने के तरीके नहीं पूछे, बल्कि परोक्ष रूप से ऐसे सवाल किए, जिनसे उसे हिंसक हमले और हथियारों से जुड़ी जानकारी मिल सके। यह मामला जून में सामने आया था, जब बेंगलुरु के केआर पुरम स्थित एक अपार्टमेंट में 55 वर्षीय व्यक्ति, उनकी 48 वर्षीय पत्नी और 20 वर्षीय बेटी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में मृतक दंपति की 25 वर्षीय बेटी श्वेता और उसके लिव-इन पार्टनर केनेथ पर संदेह हुआ। दोनों घटना के बाद फरार हो गए थे, लेकिन बाद में पुडुचेरी से गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस के अनुसार केनेथ ने कथित रूप से यह भी जानने का प्रयास किया कि किसी व्यक्ति को पहले कैसे असहाय बनाया जाए और फिर उस पर हमला किया जाए। जांच में यह भी सामने आया कि उसने एक क्लाउड किचन के लिए खरीदी गई लोहे की भट्ठी का उपयोग शवों को नष्ट करने के लिए करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में इसे व्यावहारिक नहीं मानते हुए विचार छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि जांच से हत्या की पूर्व नियोजित साजिश के संकेत मिले हैं। आरोप है कि केनेथ आर्थिक दबाव से छुटकारा पाने और परिवार की संपत्ति हासिल करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम देना चाहता था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।