राष्ट्रीय
21-Jul-2026
...


इंफाल (ईएमएस)। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नांबोल नदी उफान पर आ गई, जिससे नांबोल क्षेत्र के कोंगखाम मामांग लेइकाई में करीब 100 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया। अचानक आई बाढ़ से लोगों में दहशत का माहौल है और कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी करनी पड़ी। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों ने नदी की नहर के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद कर कमजोर तटबंधों को मजबूत करने का प्रयास किया, ताकि बाढ़ का पानी अन्य रिहायशी इलाकों में प्रवेश न कर सके। लगातार बारिश के चलते जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है, जिससे निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग सतर्क हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बाढ़ नियंत्रण एवं राहत उपाय शुरू करने की तैयारी कर रहा है। राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा के कारण बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।