राष्ट्रीय
18-Jul-2026
...


- हाथ में तिरंगा लेकर जयपुर के लिए रवाना हुईं मध्यप्रदेश की बेटी इंदौर (ईएमएस)। मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में इंदौर की बेटी श्रेया बेड़िया मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। गुमाश्ता नगर निवासी 23 वर्षीय श्रेया देशभर की 52 फाइनलिस्ट प्रतिभागियों के साथ इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के विभिन्न चरण जयपुर, इंदौर, बेंगलुरु और दिल्ली में आयोजित किए जा रहे हैं। श्रेया 18 जुलाई को जयपुर के लिए रवाना हुईं। एयरपोर्ट पर वह सिर पर ताज और हाथ में तिरंगा लेकर नजर आईं। उनके इस अंदाज ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। गोविंद बेड़िया और नीलम बेड़िया की बेटी श्रेया की स्कूली शिक्षा इंदौर में हुई। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में नासा और हार्वर्ड के शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लिया। दिल्ली में स्नातक शिक्षा पूरी करने के बाद जापान के एक शैक्षणिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। वर्तमान में वह पेरिस में फैशन एंड लक्जरी प्रोग्राम की पढ़ाई कर रही हैं। श्रेया का मानना है कि सुंदरता तभी सार्थक है, जब वह समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बने। पिछले तीन वर्षों से वह वंचित बच्चों की शिक्षा के लिए कार्य कर रही हैं। ‘ब्यूटी विद ए पर्पज’ पहल के माध्यम से वह शिक्षा के क्षेत्र में अपने सामाजिक अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना चाहती हैं। उनके सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार माहेश्वरी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। श्रेया ने कहा कि मिस यूनिवर्स इंडिया का मंच उनके लिए केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि इंदौर, मध्यप्रदेश और अपने माता-पिता का प्रतिनिधित्व करने का अवसर है। उनका कहना है कि सपनों का आकार शहर से तय नहीं होता, बल्कि मेहनत, साहस और आत्मविश्वास से सफलता हासिल की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि सुष्मिता सेन, लारा दत्ता और हरनाज कौर संधू जैसी भारतीय सुंदरियां मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुकी हैं।