खेल
17-Jun-2026
...


सिडनी (ईएमएस)। नाइटक्लब विवाद को लेकर आलोचनाओं में घिरे इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के बचाव में ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन आये हैं। लियोन ने स्टोक्स की प्रशंसा करते हुए उन्हें क्रिकेट इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में से एक बताया है और उम्मीद जताई है कि वे अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लेंगे।लियोन ने कहा कि उनके मन में इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर के लिए बेहद सम्मान है। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने दृढ़ता से कहा, मैं सच में उम्मीद करता हूं कि यह स्टोक्स के करियर का अंत नहीं है। मेरे मन में उनके लिए बेहद सम्मान है। मेरी नजर में वह क्रिकेट खेलने वाले सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं। लियोन ने यह भी उम्मीद जताई कि स्टोक्स अगले साल होने वाली एशेज सीरीज में मैदान पर जरूर नजर आएंगे, क्योंकि उनकी मौजूदगी खेल के लिए बेहद अहम है। ऐसे समय में जब स्टोक्स नाइट क्लब विवाद में व्यक्तिगत जांच के दायरे में हैं, लियोन जैसे प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी का यह खुला समर्थन उन्हें मानसिक रूप से मजबूती प्रदान कर सकता है। एक ओर जहां लियोन ने स्टोक्स के भविष्य को लेकर अपनी चिंता और समर्थन व्यक्त किया, वहीं खुद वह भी अपने करियर के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं। पिछले कुछ समय से हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे 38 वर्षीय ऑफ स्पिनर अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। यह सीरीज 13 अगस्त से डार्विन में शुरू होगी। लियोन ने साफ कर दिया है कि वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र की बाकी सभी टेस्ट सीरीज खेलना चाहते हैं और उनका लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के लिए लंबे समय तक योगदान देना है।उनके सामने एक और बड़ा और व्यक्तिगत लक्ष्य 600 टेस्ट विकेट पूरे करने का है। लियोन ने अब तक 141 टेस्ट मैचों में 567 विकेट अपने नाम किए हैं। अगर वह अपनी फिटनेस बनाए रख पाते हैं और अपेक्षित प्रदर्शन करते हैं, तो मौजूदा चक्र के दौरान वह 600 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले इतिहास के छठे गेंदबाज बन सकते हैं। गिरजा/ईएमएस 17जून 2026