बर्मिंघम (ईएमएस)। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट करीब चार साल के अंतराल के बाद एक बार फिर टीम की कप्तानी करते दिखेंगे। नियमित कप्तान बेन स्टोक्स को नाइटक्लब विवाद के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है। रुट ने इससे पहले साल 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ आंखिरी बार टीम की कप्तानी की थी। इस प्रकार रुट को चार साल के अंतराल के बाद कप्तानी मिली है पर अगर सबसे अधिक अंतराल के बाद किसी की कप्तान के तौर पर वापसी हुई है तो ये रिकार्ड इंग्लैंड के ही पूर्व कप्तान एलेक स्टीवर्ट के नाम है। स्टीवर्ट ने साल 1993 में ग्राहम गूच के चोटिल होने पर दो टेस्ट मैचों में कप्तानी की थी। इसके बाद उन्हें 1998 तक इंतजार करना पड़ा, इस बीच उन्होंने 49 टेस्ट मैच बिना कप्तानी किए खेले। 1998 में उन्हें नियमित कप्तान बनाया गया था, इस तरह उन्होंने 49 टेस्ट मैचों के लंबे अंतराल के बाद कप्तानी में वापसी की। इस सूची में दूसरा सबसे लंबा गैप पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनिस के नाम है। वकार ने दिसंबर 1993 में एक टेस्ट में कप्तानी करने के बाद मई 2001 में फिर से टीम की बागडोर संभाली थी। इस दौरान उन्होंने 47 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उन्होंने कप्तानी नहीं की थी। वह एशिया के पहले ऐसे कप्तान बने थे जिन्होंने दो अलग-अलग कार्यकाल में कप्तानी के बीच इतना लंबा अंतराल देखा।जो रूट अब वकार यूनिस के साथ संयुक्त रूप से टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी के बीच दूसरा सबसे लंबा अंतराल रखने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मार्च 2022 में कप्तानी छोड़ने के बाद से 47 टेस्ट मैच खेले हैं और अब 17 जून 2026 को फिर से कप्तानी की टोपी पहनेंगे। वह 47 या उससे अधिक टेस्ट मैचों में कप्तानी मिस करने वाले तीसरे क्रिकेटर हैं। गिरजा/ईएमएस 17जून 2026