खेल
17-Jun-2026
...


सिडनी (ईएममएस)। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली का मानना है कि भारतीय टीम के बल्लेबाज विराट कोहली एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो ऑस्ट्रेलिया की किसी भी महान टीम का हिस्सा बन सकते हैं। ब्रैट ली के अनुसार इस टीम में उसी खिलाड़ी को जगह मिल सकती है। जिसके केवल रनों के आंकड़े ही बेहतर नहीं हों बल्कि मानसिकता, अनुशासन और तीव्र प्रतिस्पर्धात्मकता भी उसमें होनी चाहिये। ली के अनुसार, इन कसौटियों पर केवल विराट ही सही बैठते हैं।इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि विराट में वह आक्रामकता, फिटनेस और मुकाबला करने की क्षमता है, जिस पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को हमेशा गर्व रहा है। उनके अनुसार, कोहली हमेशा सफल होने के लिए निरंतर प्रयास करते थे और खेल के प्रति उनका नजरिया कभी किसी भी चीज से समझौता नहीं करता था। यह वह अटल मानसिकता ही थी जिसने उन्हें एक दशक से अधिक समय तक हावी रहने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में सहजता से जगह दिला दी होती। पहले भी कई ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने विराट की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक महान बल्लेबाज बताया था। ये विश्व क्रिकेट में उनके असाधारण कद को साबित करता है। कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर उनसे पहले आए और उनके बाद भी आए, लेकिन अनुशासन, खेल के प्रति समर्पण और तीव्र इरादों के कारण विराट आज भी सभी से आगे खड़े हैं। उन्होंने अपने दमदार खेल के दम पर क्रिकेट जगत में एक अद्वितीय मुकाम हासिल किया है। आज भी, जब वे केवल एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं, तो भी जहां जाते हैं, प्रशंसकों का समूह उमड़ पड़ता है, जिसका नजारा आईपीएल जैसे मंचों पर भी बखूबी देखने को मिलता है।विराट कोहली सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक युग हैं, जिनकी खेल के प्रति दीवानगी और जुझारूपन उन्हें विश्व के महानतम खिलाड़ियों की श्रेणी में खड़ा करता है, और उन्हें उस ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी फिट बैठाता है जिसकी गिनती सर्वकालिक महान टीमों में होती है।