खेल
17-Jun-2026
...


लंदन (ईएमएस)। नाइटक्लब विवाद को लेकर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने कहा है कि खिलाड़ियों को सफलता के बाद जश्न मनाने का अधिकार है पर इस दौरान उन्हें ध्यान रखना चाहिये कि ये एक सीमा के अंदर हो। साथ ही कहा कि किसी भी हाल में व्यवहार खराब न हो। नाइटक्लब कांड में टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन फंसे हैं और इसी कारण दूसरे टेस्ट से भी बाहर कर दिये गये हैं। मैकुलम के अनुसार उनके खिलाड़ी अधिक जिम्मेदारी से फैसला लें और ऐसी कोई हरकत न करें जिससे माहौल खराब हो। मैकुलम ने माना है कि वह भी नाइटक्लब प्रकरण के लिए कुछ हद तक जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा, वास्तव में, मैं कोच होने के कारण टीम का प्रभारी हूं और जो भी चीजें ठीक से काम नहीं करतीं, उसकी जिम्मेदारी मैं लेता हूं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे खिलाड़ियों के लिए हर व्यक्तिगत फैसला नहीं ले सकते। मैकुलम ने अपनी भूमिका को परिभाषित करते हुए कहा, मेरा काम एक ऐसा वातावरण तैयार करना है, जो उन युवा खिलाड़ियों को सहारा दे सके जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर उच्च दबाव और कड़ी निगरानी का सामना कर रहे हैं। वे साल के बारह महीने घर से दूर रहते हैं और इसके साथ आने वाली सभी चुनौतियों का सामना करते हैं। वे चाहते हैं कि उनके खिलाड़ी जश्न मनाएं, लेकिन उसकी एक सीमा अवश्य हो। साथ ही कहा कि खिलाड़ियों को इस बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए कि कितना जश्न मनाना ठीक है उन्होंने अत्यधिक जश्न को खतरनाक बताया। मैकुलम ने कहा, मैं ज्यादा (सेलिब्रेशन) में विश्वास नहीं करता। मुझे लगता है कि ज्यादा एक खतरनाक स्थिति है। आपको हमेशा उच्च मानकों को बनाए रखने की आवश्यकता है और यह सुनिश्चित करना होगा कि हम उन मानकों के अनुरूप जीने की कोशिश कर रहे हैं। उनका मानना है कि सफलता का सम्मान करते हुए, टीम के पेशेवर और जिम्मेदार स्वरूप को बनाए रखना सर्वोपरि है।इस बीच मैकुलम ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता स्टोक्स की मानसिक स्थिति और भलाई है, न कि उनकी कप्तानी पर फैसला लेना। गिरजा/ईएमएस 17जून 2026