खेल
17-Jun-2026
...


टीम को जीत दिलाने में रहता है योगदान नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि वह भारत की अब तक की सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर हैं। खेल के तीनों ही विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन कर वह विशेष प्रभाव छोड़ती हैं। अंजुम ने दीप्ति प्रभाव की जमकर सराहना करते हुए उन्हें उन दुर्लभ क्रिकेटरों में से एक बताया है जिनके पास बल्लेबाजी, गेंदबाजी या क्षेत्ररक्षण के संयोजन से मैच का रुख बदलने की क्षमता होती है। चोपड़ा ने ये प्रतिक्रिया दीप्ति के बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप मैच में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए की है। इसमें उन्होंने पांच विकेट लेकर भारत को 64 रन से विजयी शुरुआत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अंजुम ने इस बात पर ज़ोर दिया कि उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलते हुए किसी ऐसे ऑलराउंडर की याद नहीं है जिसने दीप्ति जैसा प्रभाव डाला हो। उन्होंने कहा, हमारे पास ऑलराउंडर रहे हैं, लेकिन जब निरंतर प्रदर्शन की बात आती है, तो मुझे लगता है कि दीप्ति न केवल भारत में बल्कि विश्व क्रिकेट में उन कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं जो किसी भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने आगे कहा कि दीप्ति निस्संदेह भारत की सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर में शामिल हैं और उन्हें बड़े मंच पर प्रदर्शन करना पसंद है। साथ ही कहा कि यह केवल दीप्ति ही नहीं, बल्कि मौजूदा भारतीय टीम में कुछ और क्रिकेटर भी हैं जो दबाव वाले मैचों में अपना खास प्रभाव छोड़ना पसंद करते हैं और सुर्खियों में रहने का आनंद लेते हैं। अंजुम ने कहा कि यही बात मौजूदा भारतीय टीम को विशेष बनाती है, क्योंकि वे कठिन हालातों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं और महत्वपूर्ण मौकों पर टीम के लिए अहम योगदान देते हैं। वर्तमान विश्व कप में भारत की संभावनाओं को लेकर अंजुम ने स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मंधाना एक स्टार खिलाड़ी हैं, जो अपनी स्टाइलिश बल्लेबाजी और लगातार रन बनाने की क्षमता से भारत को मैच जिताने में मदद करती हैं। मंधाना ने स्मृति को हमेशा एक कुशल बल्लेबाज के रूप में देखा है जो तकनीकी रूप से मजबूत हैं और मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलने में सक्षम हैं।साथ ही कहा कि अंजुम और दीप्ति जैसी खिलाड़ी भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। गिरजा/ईएमएस 17जून 2026