खेल
16-Jun-2026
...


लंदन (ईएमएस)। इंग्लैंड में जारी आईसीसी महिला टी20 विश्वकप क्रिकेट में दुनिया भर की 12 टीमें खिताबी जीत के इरादे से उतरी हैं। इन्हीं में से एक है आयरलैंड की महिला क्रिकेट टीम, ऐसी है जिसे आज तक एक बार भी टी20 विश्वकप में जीत नहीं मिली है। इस बार भी उसे पहले ही मैच में स्कॉटलैंड ने हराया है। इस प्रकार उसे अब तक 18वीं हार मिली है। जिस कारण से इसे बदकिस्मत टीम तक लोग कहने लगे हैं। महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में आयरलैंड ही अकेली टीम है जो जो हर बार जीत के करीब आकर भी दूर रह जाती है या पूरी तरह से पिछड़ जाती है। वैसे तो आयरलैंड को महिला क्रिकेट की दुनिया में एक अपेक्षाकृत कमजोर टीम माना जाता है पर टी20 प्रारूप अपनी अप्रत्याशितता और उलटफेरों के लिए जाना जाता है। इसके बावजूद, आयरलैंड इस बड़े मंच पर अपनी पहली जीत का स्वाद नहीं चख पाई है। स्कॉटलैंड के खिलाफ इस बार हुए मुकाबले में आयरलैंड को 40 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 161 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए, आयरलैंड की पूरी टीम 121 रन ही बना पायी। आयरलैंड की बल्लेबाजी इस मैच में पूरी तरह से लड़खड़ाई हुई नजर आई, जहां उनके छह खिलाड़ी दो अंक तक भी नहीं पहुंच पायी। इससे अंदाजा हातेा है कि टीम का प्रदर्शन कितना कमजोर रहा। महिला टी20 विश्व कप में कुल 12 टीमें दो अलग-अलग ग्रुप में विभाजित हैं, और आयरलैंड को अपने ग्रुप में अभी कुछ और मैच खेलने हैं। उम्मीद की जा रही है कि वे इन बचे हुए मैचों में अपनी गलतियों से सबक लेंगे और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। अब यही उम्मीद की जा सकती है कि आयरलैंड टूर्नामेंट में अपने बचे हुए ग्रुप मैचों में जीत हासिल कर टी20 विश्व कप में अपनी पहली ऐतिहासिक जीत दर्ज करें। गिरजा/ईएमएस 16जुलाई 2026