चेन्नई (ईएमएस)। दिग्गज ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को भारतीय टीम में अवसर देकर चयनकर्ताओं ने अच्छा काम किया है।गुरनूर ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ही एकदिवसीय में शानदार गेंदबाजी कर अपने चयन को सही साबित किया है। इस मैच में बरार ने अपनी गति और सटीकता से सभी को प्रभावित किया, लगातार 145 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदें डालीं। उन्होंने अपने स्पेल में 27 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए, इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पांचवीं गेंद पर ही अपना पहला विकेट हासिल करन एक बड़ी उपलबब्धि है। अश्विन ने बरार की गेंदबाजी के कई पहलुओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी कम उम्र उनके लिए एक बड़ा फायदा है और उनमें अपार क्षमता है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर गुरनूर की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, गुरनूर हमें कहना होगा कि वह वाकई बहुत प्रभावशाली हैं। वह लंबे हैं और ऐसा लगता है कि वह काफी मजबूत भी हैं। उन्होंने हर गेंद 145 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से डाली। उनमें बहुत क्षमता है। नई गेंद के साथ उनका कौशल, उनका एक्शन और स्विंग, सब कुछ बहुत बढ़िया है। अश्विन ने यह भी जोड़ा कि बरार अभी युवा हैं और भविष्य में और भी तेज गेंदबाजी कर सकते हैं। वहीं इससे पहले गुरनूर के चयन पर कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने हैरानी जताई थी, उनका कहना था कि जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को अवसर दिया जाना चाहिये था क्योंकि उनका घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन रहा था। वहीं अश्विन ने इस चयन को सही ठहराते हुए कहा कि यह चयनकर्ताओं की दूरदर्शिता का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरनूर को एक संभावित प्रतिभा के रूप में पहचानने में चयनकर्ताओं की समझ सराहनीय है और उन्होंने इस युवा गेंदबाज को भारत के लिए एक संभावित स्टार बताया। अश्विन ने कहा, जब चयनकर्ताओं ने आकिब नबी की जगह गुरनूर बरार को चुना, तो कई लोगों ने इस पर चर्चा की। मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन फैसला था। दोनों के बीच कोई तुलना नहीं है, लेकिन जिन चयनकर्ताओं और कोचों ने गुरनूर को देखा, उनकी परख बहुत अच्छी है और उन्हें इसके लिए बधाई दी जानी चाहिए। अश्विन ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि गुरनूर अपनी फिटनेस बनाए रखते हैं और सही दिशा में प्रयास करते हैं, तो वह भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़े गेंदबाज बन सकते हैं। गिरजा/ईएमएस 16जुलाई 2026