खेल
14-Jun-2026
...


काबुल (ईएमएस)। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) भी अब उभरते हुए क्रिकेटरों को आगे आने का मंच देने लिए प्रीमियर लीग शुरु कर रहा है। एसीबी के अनुसार अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) का पहला सत्र 27 दिसंबर 2026 को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में शुरु होगा। इस लीग से अफगानिस्तान क्रिकेट का तेजी से विकास होगा और बेहतर प्रतिभाएं सामने आयेंगे। अभी उसके खिलाड़ी अन्य देशों की लग में खेलते हैं। प्रीमियर लीग टी20 टूर्नामेंट यूएई के बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में खेला जाएगा और इसमें अफगानिस्तान के पांच प्रमुख क्रिकेट क्षेत्रों, जिनमें काबुल, कंधार, बल्ख, पकतिया और नंगरहार शामिल हैं, की पांच फ्रैंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों के जरिये से देश के विभिन्न हिस्सों की प्रतिभाओं को एक मंच पर आने का मौका मिलेगा। इस लीग की शुरुआत ऐसे समय में हो रही है जब पिछले एक दशक में अफगान क्रिकेट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर असाधारण प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय टीम ने खुद को वैश्विक क्रिकेट मंच पर एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में स्थापित किया है, और इसके कई खिलाड़ी दुनिया भर की प्रमुख टी20 लीगों में लोकप्रिय चेहरे बन गए हैं, जिससे उनकी वैश्विक पहचान बढ़ी है। एसीबी को उम्मीद है कि एपीएल देश के उभरते हुए युवा खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा मंच प्रदान करेगा, जहां उन्हें अनुभवी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पेशेवरों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। यह लीग देश में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों के विकास की संभावनाओं को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे जमीनी स्तर पर क्रिकेट का विकास होगा। यूएई में टूर्नामेंट का आयोजन एसीबी को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और बेहतरीन सुविधाएं सुनिश्चित करेगा, जिससे प्रतियोगिता का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा। यूएई लंबे समय से अफगानी क्रिकेट के लिए एक दूसरे घर की तरह रहा है, जिसने कई अंतरराष्ट्रीय मैचों और घरेलू टूर्नामेंटों की सफलतापूर्वक मेजबानी की है। लीग की घोषणा पर अपनी बात रखते हुए, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मीरवाइस अशरफ ने इसे अफगान क्रिकेट के भविष्य के लिए एक रणनीतिक और अत्यंत आवश्यक कदम बताया। अशरफ ने कहा, अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के माध्यम से हमारा लक्ष्य एक ऐसी स्थायी और विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त लीग का निर्माण करना है जो अफगानी प्रतिभा को प्रदर्शित करे, अंतरराष्ट्रीय निवेश को आकर्षित करे और खेल के दीर्घकालिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे। गिरजा/ईएमएस 14जून 2026